‘गुम हुए संवाद’ की विषय-वस्तु का विस्तार भी उल्लेखनीय है। ‘आदमी’ में अकेला और भयाक्रांत मनुष्य है, ‘यशोगान’ में सामाजिक-राजनीतिक विडंबनाओं पर व्यंग्य है, ‘शहर’ में नगरीय जीवन के भीतर घटती आत्मीयता है, ‘बेटियाँ’ में बदलती स्त्री-चेतना और भविष्य की संभावना है, ‘दम नहीं जुबान में’ में परिवार के भीतर पीढ़ियों के मौन की मार्मिकता है, जबकि ‘बावला समय है’ आधुनिक विकास और मूल्य-संकट के अंतर्विरोधों को सामने लाता है। इसी क्रम में ‘जीवन राग’ श्रम और ममता को जीवन के वास्तविक आधार के रूप में देखता है, ‘गड़ा अभी तक अक्षर-घड़ा’ गाँव, स्मृति और सांस्कृतिक जड़ों की ओर लौटता है और ‘बबूल’ प्रतिकूल परिस्थितियों में भी जीवित रहने वाले आत्मबल का प्रतीक बन जाता है।
इस प्रकार संग्रह में निजी अनुभूति और सामाजिक यथार्थ एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। पटेल जी की संवेदना व्यक्ति से समाज और समाज से पुनः व्यक्ति की ओर लौटती है। उनके गीतों का ‘आदमी’ अकेला अवश्य है, लेकिन निराश नहीं; वह प्रश्न करता है, स्मृतियों को सँजोता है, संबंधों को बचाना चाहता है और जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की आकांक्षा रखता है। यही कारण है कि ‘गुम हुए संवाद’ को केवल विघटन और अँधेरे का संग्रह मानना उसके रचनात्मक आशय को सीमित करना होगा।
कथ्य की इस व्यापकता के साथ पटेल जी की गीत-भाषा भी विशेष ध्यान आकर्षित करती है। उनके यहाँ जीवन के सहज और परिचित शब्द—दादा, बथान, चौपाल, चिट्ठी, पीपल, बबूल, महल, झोपड़ी, शहर—अपने सामाजिक और सांस्कृतिक अर्थों के साथ उपस्थित होते हैं। लोक-संस्कार और समकालीन बोध का यह मेल उनके गीतों को एक ओर जड़ों से जोड़ता है, तो दूसरी ओर वर्तमान की विसंगतियों से उनका सीधा साक्षात्कार कराता है।
इन्हीं विविध संवेदना-स्तरों को ध्यान में रखते हुए ‘गुम हुए संवाद’ के गीतों को अलग-अलग विषयगत संदर्भों में देखने पर संग्रह की अंतर्धारा अधिक स्पष्ट होती है। इन गीतों में व्यक्त अकेलापन, सामाजिक विडंबना, मानवीय करुणा, स्त्री-चेतना, पारिवारिक संवाद का संकट, समय-बोध, वर्गीय विषमता, ग्राम्य-स्मृति और संघर्षशील जीवन—सभी मिलकर रणजीत पटेल जी के नवगीत-संसार का व्यापक मानचित्र निर्मित करते हैं। आइए, देखते हैं—
१. सामाजिक विघटन और मनुष्य का अकेलापन ‘आदमी’ (पृष्ठ – बीस) संग्रह की मूल संवेदना का प्रतिनिधि गीत है— “पूछ रहा आदमी समय से, चुप क्यों हैं इंसान”, यहाँ प्रश्न बहुत साधारण है, लेकिन उसका सामाजिक अर्थ गहरा है। आदमी आदमी से पूछ रहा है कि इंसान आखिर चुप क्यों है? गीत में—“कौन अपना अब कौन पराया / घर भी है अनजान”—के माध्यम से आधुनिक जीवन के उस संकट को व्यक्त किया गया है जिसमें मनुष्य भीड़ में रहते हुए भी अकेला है। दहशत और शंका से भरा वातावरण—“शंकाओं में रात गुज़रती / सोना नहीं आसान” आज के सामाजिक जीवन की असुरक्षा और मानसिक दबाव का प्रतीक बन जाता है। अंतिम पंक्ति—“मन के अंदर घाव टीसते / बाहर नहीं निशान” गीत को निजी मनोविज्ञान से उठाकर सामूहिक मनःस्थिति में पहुँचा देती है। बाहरी रूप से सामान्य दिखाई देने वाला व्यक्ति भीतर से कितना आहत है—यह आधुनिक मनुष्य की एक बड़ी विडंबना है।
२. राजनीतिक-सामाजिक विडंबना: ‘यशोगान’ (पृष्ठ – इक्कीस) में पटेल जी की व्यंग्यात्मक दृष्टि अधिक तीखी हो जाती है। शीर्षक ‘यशोगान’ है, लेकिन गीत का कथ्य प्रशस्ति नहीं, बल्कि प्रशस्ति-प्रधान व्यवस्था पर व्यंग्य है। “छले हर बार जनमत की ताली, बतासे की लार पेट रहे खाली”, यहाँ ‘जनमत’, ‘ताली’ और ‘खाली पेट’ को एक साथ रखकर लोकतांत्रिक भाषा और वास्तविक जनजीवन के बीच का अंतर उजागर किया गया है। इसी प्रकार— “समता की ऐनक सबजन सरीखा, खंडों में खंडित सरल सीधी रेखा”, ‘समता’ के आदर्श और सामाजिक विखंडन के बीच तनाव को सामने लाता है। गीत की पुनरावृत्त पंक्ति—“चलो यशोगान गाएँ” व्यंग्य का आधार बनती है। कथित उपलब्धियों का यशोगान और दूसरी ओर जनता की वास्तविक स्थितियाँ—यह विरोधाभास गीत को समकालीन सामाजिक संदर्भ देता है।
३. शहर: विकास के भीतर बढ़ता हुआ मनुष्य-विरोध
‘शहर’ (पृष्ठ – बाइस) में कवि ने नगर को केवल भौगोलिक इकाई के रूप में नहीं देखा, बल्कि एक ऐसी मानसिक-सामाजिक संरचना के रूप में देखा है जहाँ संबंधों की जगह स्वार्थ बढ़ता जा रहा है। “जहर बोते शहर बढ़ता नेह बंजर हो रहा है”, यह अत्यंत सारगर्भित बिंब है। शहर का विस्तार हो रहा है, लेकिन नेह का क्षेत्र सिकुड़ रहा है। इसी गीत में— “दूर से जो जो भले मानुष, पर हितैषी काम करते, मुफलिसों का हक दिलाकर, खुद का हिस्सा रख लेते” दिखावटी परोपकार और छिपे स्वार्थ की सामाजिक प्रवृत्ति पर व्यंग्य है। और— “चौक के चौपाल अगोरे, पंच बैठे हर घड़ी, कौन दोषी राम भरोसे, न्याय करते हिटलरी”, लोकतांत्रिक न्याय-व्यवस्था के भीतर मनमानी और सत्ता-केंद्रित प्रवृत्ति की ओर संकेत करता है। इसलिए ‘शहर’ केवल नगरीकरण का गीत नहीं है; यह नगरीय सभ्यता में मानवीयता के क्षरण का गीत है।
चार. स्त्री और बदलती सामाजिक चेतना: ‘बेटियाँ’ संग्रह का ‘बेटियाँ’ (पृष्ठ – तेईस) गीत अपेक्षाकृत आशावादी स्वर लेकर आता है। “नित नवीन इतिहास रचते आगे बढ़ती बेटियाँ”, यहाँ बेटी पारंपरिक करुणा या संरक्षण की पात्र नहीं, बल्कि इतिहास की सक्रिय निर्माता है। “हवा-हवाई तेज उड़ान, सात समुंदर पार जाती” और— “जान लगाएँ सरहदों पर, दुश्मनों को दूर भगाती”, स्त्री की भूमिकाओं के विस्तृत होते हुए सामाजिक परिदृश्य को व्यक्त करता है। सबसे महत्त्वपूर्ण बात है— “धता बताती रूढ़ियों को, आगे बढ़ती बेटियाँ”, यहाँ ‘बेटी’ सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बन जाती है। यह गीत संग्रह के अंधकारपूर्ण गीतों के बीच प्रतिरोध और संभावना का स्वर पैदा करता है।
५. परिवार और पीढ़ियों का मौन: ‘दम नहीं जुबान में’ यह गीत (पृष्ठ – अस्सी) संग्रह के सबसे मार्मिक गीतों में रखा जा सकता है। “हुकुम चलाता घर-परिवार, दादा पड़े बथान में” यहाँ वृद्ध व्यक्ति घर में मौजूद होते हुए भी निर्णय और संवाद की केंद्रीय धारा से बाहर हो गया है। उसने जीवन भर— “पैसा-पैसा जोड़ चेत कर, जर-जमीन अरजा था”, लेकिन अब उसकी आकांक्षा केवल इतनी है कि वह— “पोते से बतियाता” और उसे— “परियों की कथा सुनाता”, इस गीत में आर्थिक संपत्ति की तुलना में संवाद और आत्मीयता की आवश्यकता अधिक बड़ी होकर आती है। शीर्षक— “दम नहीं जुबान में” —शारीरिक कमजोरी से अधिक अभिव्यक्ति की सामाजिक विवशता का संकेत देता है। इस दृष्टि से यह गीत ‘गुम हुए संवाद’ शीर्षक को पारिवारिक स्तर पर सबसे अच्छी तरह मूर्त करता है।
६. समय की विडंबना: ‘बावला समय है’ ‘बावला समय है’ (पृष्ठ – बयासी) में समकालीन जीवन की विरोधाभासी संरचना सामने आती है— “लीक छोड़कर सरपट भागे, बावला समय है।” लेकिन यह गति प्रगति का पर्याय नहीं है। कवि कहता है— “सुविधाओं ने पाँव पसारे, दुविधाओं में साँसे” अर्थात तकनीकी-सामाजिक सुविधाएँ बढ़ी हैं, किंतु मनुष्य की दुविधाएँ भी उसी अनुपात में बढ़ी हैं। सबसे तीखी पंक्ति है— “अर्थ हावी सच के आगे, दोगला समय है।” यहाँ आर्थिक मूल्य के नैतिक मूल्यों पर हावी होने की स्थिति सामने आती है। इस गीत की समकालीनता विशेष रूप से स्पष्ट है—विकास, सुविधा और गति के बीच मनुष्य की नैतिक उलझन।
७. वर्गीय विषमता: ‘जीवन राग’- ‘जीवन राग’ (पृष्ठ – चौरासी) में कवि का सामाजिक सरोकार स्पष्ट रूप से वर्गीय विषमता की ओर जाता है। “मन का प्रेम कहाँ महलों में, वह तो मिलता झोपड़ियों में” यहाँ ‘महल’ और ‘झोपड़ी’ केवल स्थान नहीं, बल्कि दो सामाजिक जीवन-दृष्टियों के प्रतीक बन जाते हैं। एक ओर—“गीत नृत्य औ' जाम छलकते” और दूसरी ओर—“कुटियों में जलते/दुख के दीपक” यह विरोध सामाजिक-आर्थिक असमानता को उजागर करता है। परंतु गीत केवल वर्ग-विरोध का आख्यान नहीं बनता। अंततः कवि श्रम और ममता को जीवन की वास्तविक संपदा के रूप में सामने लाता है—“यहाँ रंग लाती है मिहनत/सुख ममता से पूरित जीवन” इसलिए ‘जीवन राग’ का केंद्र धन नहीं, मानवीय श्रम और आत्मीयता है।
८. गाँव, स्मृति और विस्थापन: ‘गड़ा अभी तक अक्षर-घड़ा’ यह गीत (पृष्ठ – छियासी) संग्रह के अत्यंत महत्त्वपूर्ण सांस्कृतिक गीतों में है। “कभी नहीं तोड़ेंगे रिश्ते, ददा के गाँव से” यहाँ गाँव केवल जन्मस्थान नहीं, बल्कि स्मृति, संबंध और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र है। शहर जाने के बाद— “लौट जाती घर की चिट्ठी, शहरी मकान से” और— “अपने हो गए बेजुबाँ अपनों के अपमान से” —गाँव-शहर के बीच पैदा हुई मानसिक दूरी व्यक्त होती है अंतिम बिंब— “गड़ा अभी तक अक्षर-घड़ा पीपल की छाँव में” बहुत अर्थवान है। ‘अक्षर-घड़ा’ यहाँ स्मृति, संस्कार और पुराने संबंधों का प्रतीक बन जाता है, जबकि ‘पीपल की छाँव’ सामुदायिक और सांस्कृतिक आश्रय का।
९. प्रतिकूल परिस्थितियों में जीवन-संघर्ष: ‘बबूल’ ‘बबूल’ (पृष्ठ – सत्तासी) संग्रह के प्रतीकात्मक गीतों में उल्लेखनीय है। “तना हुआ बरगद के आगे, खड़ा बबूल हरा-भरा!” बरगद और बबूल का चयन महत्त्वपूर्ण है। बरगद परंपरागत रूप से विराटता और आश्रय का प्रतीक है, जबकि बबूल कठिन परिस्थितियों में भी जीवित रहने वाला वृक्ष है। “शीत ताप कुहरे की चादर, अपने बल जीता है” यह पंक्ति संघर्षशील जीवन का प्रतीक बन जाती है। और— “अकाल में तरु बबूल की छाया पास बुलाती” बबूल प्रतिकूल परिस्थितियों में भी उपयोगी और सहायक सिद्ध होता है। इसलिए ‘बबूल’ को हाशिए पर खड़े मनुष्य के आत्मबल के रूपक के रूप में पढ़ा जा सकता है।
कथ्य और शिल्प
रणजीत पटेल जी की गीत-भाषा मुख्यतः सरल, बोलचाल के निकट और संप्रेषणीय है। वे कठिन बौद्धिक शब्दावली के बजाय रोज़मर्रा के जीवन से बिंब उठाते हैं—आईना, घर, परिंदा, खेत, शहर, चौपाल, दादा, पोता, महल, झोपड़ी, चिट्ठी, पीपल, बबूल आदि। उनके गीतों में अबूझ प्रतीकवाद की अपेक्षा स्पष्ट सामाजिक संकेत अधिक हैं। इसलिए उनकी रचनाएँ पाठक से तुरंत संबंध स्थापित करती हैं। छंद और लय की दृष्टि से भी उनका गीतात्मक संस्कार स्पष्ट है। टेक का पुनरावर्तन—जैसे—
“चलो यशोगान गाएँ”
या—
“आगे बढ़ती बेटियाँ”
गीत को स्मरणीयता प्रदान करता है।
उनकी काव्य-दृष्टि में व्यंग्य भी है, करुणा भी; आक्रोश भी है और आशा भी। यही संतुलन संग्रह को केवल शिकायतों का दस्तावेज बनने से बचाता है।
एक विशेष बात : ‘गुम हुए संवाद’ में आशा का पक्ष
संग्रह को केवल अंधकार और विघटन का संग्रह पढ़ना उचित नहीं होगा। ‘आदमी’ में संवाद की तलाश है, ‘बेटियाँ’ में परिवर्तन की संभावना है, ‘बबूल’ में संघर्ष का आत्मविश्वास है, ‘गड़ा अभी तक अक्षर-घड़ा’ में स्मृति बची हुई है, और ‘जीवन राग’ में श्रम तथा ममता के प्रति विश्वास। अर्थात कवि व्यवस्था की विसंगतियों को दर्ज करते हुए भी मनुष्य की संभावनाओं पर विश्वास पूरी तरह नहीं छोड़ता।
समय-सापेक्ष प्रासंगिकता
‘गुम हुए संवाद’ की सबसे बड़ी समकालीनता यह है कि संग्रह में उठाए गए प्रश्न किसी एक राजनीतिक या सामाजिक घटना से बँधे हुए नहीं हैं। वे आधुनिक जीवन की स्थायी समस्याओं से जुड़े हैं। आज संचार के साधन असाधारण रूप से बढ़े हैं, लेकिन मनुष्य के बीच आत्मीय संवाद का संकट बना हुआ है। इसी विरोधाभास को संग्रह का शीर्षक अपने भीतर समेटता है। अर्थात...
मोबाइल बढ़े हैं, संवाद घटे हैं;
शहर बढ़े हैं, पड़ोस घटे हैं;
सुविधाएँ बढ़ी हैं, संतोष घटा है;
सूचना बढ़ी है, संवेदना का संकट बना हुआ है।
यद्यपि ये पंक्तियाँ संग्रह की नहीं, बल्कि उसके मूल भाव को समझाने वाली समकालीन व्याख्या हैं। इस अर्थ में ‘गुम हुए संवाद’ का पाठ आज भी इसलिए महत्त्वपूर्ण है कि वह हमें पूछने के लिए बाध्य करता है—हमारे पास बोलने के साधन बहुत हैं, लेकिन क्या हमारे पास एक-दूसरे को सुनने का समय और संवेदना भी है?
गीतकार और गीत-अध्येता का द्वंद्वात्मक व्यक्तित्व
रणजीत पटेल जी के रचनाकार व्यक्तित्व की एक विशिष्ट विशेषता यह है कि वे केवल गीत लिखने वाले कवि नहीं हैं, बल्कि गीत के गंभीर अध्येता और शोधकर्ता भी हैं। ‘समकालीन हिन्दी गीतों का स्वरूप, विमर्श और उसकी प्रवृत्तियों का निर्धारण’ जैसे विषय पर उनका शोध इस बात का प्रमाण है कि गीत उनके लिए केवल भावाभिव्यक्ति की विधा नहीं, बल्कि गंभीर साहित्यिक अनुशीलन का विषय भी है। उनके भीतर गीतकार और गीत-अध्येता, दोनों एक-दूसरे से निरंतर संवाद करते दिखाई देते हैं। उनके गीतों में जहाँ अनुभव और संवेदना की सहजता है, वहीं उनकी ‘अपनी बात’ में गीत की प्रकृति, श्रेष्ठता, छंद, भाव-विचार और रचनाकार के आत्मसंघर्ष को लेकर एक सजग वैचारिक दृष्टि भी दिखाई देती है।
संग्रह की भूमिका में आदरणीय श्री गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’ जी रणजीत पटेल जी की रचनात्मक यात्रा को ‘द्वंद्व’ की सृजनात्मक परिणति के रूप में देखते हैं। वे लिखते हैं— “सर्जक ही क्या, हर मानव मन के भीतर द्वंद्व है।” उनके अनुसार यह द्वंद्व केवल रचनाकार की अंतश्चेतना तक सीमित नहीं रहता, बल्कि मनुष्य के जीवन और उसके विकास की मूल प्रेरक शक्ति बन जाता है। वस्तुतः रणजीत पटेल जी की गीत-यात्रा को भी इसी आंतरिक और बाह्य द्वंद्व की निरंतर प्रक्रिया के रूप में देखा जा सकता है। व्यक्ति और समाज, परंपरा और परिवर्तन, संवेदना और यथार्थ, आकांक्षा और उपलब्धि के बीच उपस्थित तनाव उनके गीतों को रचनात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। भूमिका-लेखक इसी संदर्भ में यह मानते हैं कि हर प्रगति के मूल में किसी न किसी रूप में द्वंद्व सक्रिय रहता है। ‘गुम हुए संवाद’ के गीतों में भी यही द्वंद्व विभिन्न सामाजिक और मानवीय स्थितियों के रूप में अभिव्यक्त होकर गीतात्मक संवेदना में रूपांतरित होता दिखाई देता है।
पटेल जी का यह कथन विशेष रूप से उल्लेखनीय है—“शीघ्रातिशीघ्र प्रतिष्ठित हो जाने की बलवती इच्छा, गीत-साधना की सबसे बड़ी बाधा है।” इसी प्रकार वे रचनाकार के “आत्मसंघर्ष” को सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण मानते हैं। उनके अपने रचनात्मक जीवन को देखें तो यह दृष्टि केवल सैद्धांतिक नहीं लगती। लंबे समय तक अध्यापन, साहित्य-पाठ, कवि-गोष्ठियों से संपर्क, पुनः हिंदी में उच्च शिक्षा और फिर गीत पर शोध—इन अनुभवों ने उनके गीतकार व्यक्तित्व को क्रमशः निर्मित किया है। इसलिए ‘गुम हुए संवाद’ को एक दीर्घ साहित्यिक साधना की परिणति के रूप में पढ़ना अधिक उचित होगा।
लोक-संस्कार और आधुनिक बोध
पटेल जी के नवगीतों का आधुनिक बोध अपनी लोक-स्मृति से विच्छिन्न नहीं है। ‘ददा’, ‘बथान’, ‘चौपाल’, ‘पीपल की छाँव’, ‘बबूल’, ‘खेत’, ‘चिट्ठी’ जैसे शब्द और बिंब उनके ग्रामीण संस्कार और लोकजीवन से गहरे संबंध को व्यक्त करते हैं। ‘गड़ा अभी तक अक्षर-घड़ा’ में गाँव केवल भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि स्मृति, संबंध और सांस्कृतिक जड़ों का प्रतीक है।
यही कारण है कि शहर और गाँव का द्वंद्व उनके यहाँ केवल विकास बनाम पिछड़ेपन का प्रश्न नहीं बनता। उसके भीतर जड़ों से कटने और संबंधों के क्षरण की पीड़ा भी है। आधुनिक मनुष्य की पहचान और उसकी स्मृतियों के बीच का तनाव उनके कई गीतों में दिखाई देता है।
लोकभाषिकता और संप्रेषणीयता
पटेल जी की भाषा उनकी काव्य-दृष्टि का महत्त्वपूर्ण अंग है। वे अनावश्यक दुरूहता से बचते हैं और जीवन के निकट की भाषा में अपनी बात कहते हैं। ‘बतियाता’, ‘बथान’, ‘ददा’, ‘मिहनत’, ‘अरजा था’, ‘बेजुबाँ’ जैसी अभिव्यक्तियाँ गीतों को लोकजीवन की मिट्टी से जोड़ती हैं।
उनकी भाषा में लोक-स्वर और आधुनिक सामाजिक चेतना का मेल है। इसीलिए उनके गीतों में कथ्य अपेक्षाकृत सहज ढंग से पाठक तक पहुँचता है। उनकी प्राथमिकता दुरूह काव्य-चमत्कार की अपेक्षा भाव और विचार की संप्रेषणीयता प्रतीत होती है।
व्यंग्य के भीतर करुणा
‘गुम हुए संवाद’ को केवल सामाजिक व्यंग्य का संग्रह मानना भी अधूरा होगा। पटेल जी के व्यंग्य के भीतर करुणा लगातार सक्रिय रहती है। ‘यशोगान’ में व्यवस्था और सामाजिक विडंबनाओं पर व्यंग्य है, लेकिन ‘आदमी’ में उसी समय की पीड़ा और अकेलापन करुणा का रूप ले लेता है। ‘दम नहीं जुबान में’ वृद्ध व्यक्ति की पारिवारिक उपेक्षा को अत्यंत मार्मिक ढंग से सामने लाता है, जबकि ‘बेटियाँ’ उसी सामाजिक परिदृश्य में परिवर्तन और आशा का स्वर निर्मित करता है।
इस प्रकार व्यंग्य, करुणा और आशा उनके काव्य-संसार में परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।
कथ्य की प्रत्यक्षता : एक विचारणीय पक्ष
आलोचनात्मक दृष्टि से यह भी कहा जा सकता है कि संग्रह की कुछ रचनाओं में कथ्य की प्रत्यक्षता और संदेशात्मकता अधिक है। कहीं-कहीं सामाजिक निष्कर्ष बिंब या प्रतीक की बहुअर्थी संभावना से पहले ही स्पष्ट हो जाता है। नवगीत के शिल्प की दृष्टि से यह एक विचारणीय पक्ष है।
लेकिन इसे केवल सीमा मान लेना उचित नहीं होगा। यही प्रत्यक्षता पटेल जी की संप्रेषणीयता और जनसरोकार की शक्ति भी बनती है। वे पाठक को अर्थ के अत्यधिक जटिल गलियारों में नहीं भटकाते, बल्कि सामाजिक अनुभव को उसकी पहचान योग्य आकृतियों और परिचित जीवन-स्थितियों के माध्यम से सामने रखते हैं। उनकी कविता का यह स्वभाव उनके गीत-सिद्धांत से भी जुड़ता है, जहाँ वे गीत की श्रेष्ठता के लिए किसी एक साँचे को स्वीकार नहीं करते।
हालाँकि, लय की दृष्टि से गीतों में भावानुकूल गति का निर्वाह अधिकांशतः दिखाई देता है, किंतु कुछ स्थानों पर पंक्ति-विन्यास और शब्द-भार के कारण लय थोड़ी असहज हो जाती है। इसी प्रकार टंकण में प्रयोगशीलता है, पर कहीं-कहीं अनावश्यक पंक्ति-विभाजन कथ्य की सहजता और लयात्मक प्रवाह को थोड़ा बाधित करता है। फिर भी ये कमियाँ गीतों की समग्र संवेदना पर हावी नहीं होतीं।
शीर्षक से व्यापक काव्य-दृष्टि तक
‘गुम हुए संवाद’ का शीर्षक इस पूरे संग्रह की केंद्रीय संवेदना को बाँधता है। संवाद का खोना यहाँ केवल बोलचाल का समाप्त होना नहीं है। यह परिवार में पीढ़ियों के बीच, गाँव और शहर के बीच, व्यक्ति और समाज के बीच तथा मनुष्य और मनुष्य के बीच घटते विश्वास का संकेत है।
लेकिन संग्रह की उपलब्धि यह है कि कवि केवल संवाद के लुप्त होने का शोक नहीं करता। ‘बेटियाँ’ में भविष्य की संभावना है, ‘बबूल’ में संघर्ष का आत्मबल है, ‘गड़ा अभी तक अक्षर-घड़ा’ में स्मृति की रक्षा है और ‘जीवन राग’ में श्रम तथा ममता के प्रति आस्था। इस प्रकार ‘गुम हुए संवाद’ के भीतर कहीं न कहीं संवाद की पुनर्स्थापना की आकांक्षा भी उपस्थित है।
निष्कर्षतः
रणजीत पटेल जी का ‘गुम हुए संवाद’ समकालीन हिंदी नवगीत की उस धारा का प्रतिनिधित्व करता है जिसमें गीत निजी भावुकता की सीमा से बाहर निकलकर सामाजिक अनुभव, पारिवारिक विघटन, आर्थिक विषमता, राजनीतिक-सामाजिक विडंबना, स्त्री-चेतना, गाँव-शहर के तनाव और मनुष्य की आंतरिक पीड़ा को अपने कथ्य में समाहित करता है। पटेल जी की विशिष्टता यह है कि वे सामाजिक यथार्थ को सीधे नारे में बदलने के बजाय उसे गीत, बिंब, प्रतीक, लोकभाषा और व्यंग्य के माध्यम से ग्रहण करते हैं।
उनका गीतकार और गीत-अध्येता—दोनों रूप एक-दूसरे को समृद्ध करते हैं। उनके यहाँ परंपरा से जुड़ी गेयता और समकालीन जीवन से जुड़ा यथार्थबोध साथ-साथ चलते हैं। ‘आदमी’ से ‘यशोगान’, ‘शहर’ से ‘बेटियाँ’, ‘बावला समय है’ से ‘बबूल’ तक संग्रह एक ही केंद्रीय प्रश्न के अलग-अलग रूप सामने रखता है—मनुष्य और मनुष्य के बीच जो संवाद कभी जीवन का आधार था, वह कहाँ और क्यों खो रहा है?
इस दृष्टि से, रणजीत पटेल जी के इन गीतों की मूल अनुभूति न तो केवल आक्रोश है, न केवल करुणा और न ही केवल सामाजिक विडंबना। इन सबके भीतर से जो केंद्रीय संवेदना उभरती है, वह है—संवादहीन होते समय में मनुष्य की तलाश। कवि को अपने समय के विघटन, स्वार्थ, भय, आर्थिक विषमता और संबंधों की शिथिलता का गहरा बोध है; किंतु वह इस अँधेरे में भी प्रेम, श्रम, स्मृति, स्त्री-चेतना और संघर्षशील जीवन के रूप में मनुष्यता की बची हुई रोशनी को पहचानता है। इसीलिए ‘गुम हुए संवाद’ मूलतः संवाद के खोने का शोकगीत भर नहीं, बल्कि उसके पुनः अर्जन की आकांक्षा का नवगीत-संग्रह बन जाता है। यही उसकी साहित्यिक और समय-सापेक्ष सार्थकता है।
जहाँ तक कमियों का प्रश्न है, तो प्रत्येक रचनाकार की कृति में कहीं न कहीं सुधार की गुंजाइश बनी रहती है। आदरणीय गुणशेखर जी ने अपनी भूमिका के अंत में भी संभवतः इसी सहज साहित्यिक यथार्थ की ओर संकेत किया है। प्रस्तुत संग्रह में यत्र-तत्र कुछ छोटी-मोटी टंकण संबंधी त्रुटियाँ अथवा लय में हल्का-सा विचलन अवश्य दिखाई देता है, किंतु ये बातें संग्रह की मूल संवेदना और रचनात्मकता के मूल्यांकन में गौण ही रहती हैं।
--------
नवगीत संग्रह- गुम हुए संवाद, नवगीतकार- रणजीत पटेल, परिचय- अशोक शर्मा ‘कटेठिया’, प्रकाशक- अभिधा प्रकाशन, रामदयालु नगर, मुजफ्फरपुर, बिहार, पिन ८४२००२, कवर- पेपरबैक, पृष्ठ-८७ , मूल्य- रु. २००,
ISBN--978-93-49828-87-2

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
क्या आपने यह पुस्तक पढ़ी है? यदि हाँ तो उसके विषय में यहाँ टिप्पणी करें। उपरोक्त समीक्षा पर भी आपके विचारों का स्वागत है।